राखियों में झलका देशप्रेम, एमबी डीएवी के बच्चों ने जवानों के लिए भेजा स्नेह का संदेश
By Team orange hindi

लोहरदगा। रक्षाबंधन के मौके पर एमबी डीएवी विद्यालय लोहरदगा के विद्यार्थियों ने सीमा पर देश की रक्षा कर रहे जवानों के लिए राखियां बनाकर अनोखे तरीके से अपना सम्मान प्रकट किया। विद्यालय में आयोजित हस्तनिर्मित राखी निर्माण प्रतियोगिता में कक्षा पांचवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और मेहनत से 350 से अधिक राखियां तैयार कीं। रंग-बिरंगी इन राखियों में बच्चों का उत्साह ही नहीं, बल्कि देश के वीर जवानों के प्रति सम्मान और अपनापन भी नजर आया। तैयार राखियों को भारतीय डाक के माध्यम से सीमा पर तैनात सैनिकों तक पहुंचाया जाएगा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रेरणा शंखधर ने कहा कि सीमा पर तैनात जवान रक्षाबंधन जैसे त्योहारों पर भी परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। ऐसे में बच्चों की ओर से भेजी गई राखियां उनके लिए स्नेह और सम्मान का संदेश हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना मजबूत होगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सीसीए इंचार्ज आरती कुमारी एवं सितेश कुमार पाठक सहित विद्यालय के शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।