Orange hindi lohardaga live

पीसीपीएनडीटी अधिनियम के अनुपालन की हुई समीक्षा, अल्ट्रासाउंड केंद्रों के नियमित निरीक्षण के निर्देश

By Team Lohardaga live

Administrative
A

उपायुक्त बोले- अवैध गतिविधियों पर रखें कड़ी नजर, सभी केंद्रों पर शिकायत संबंधी जानकारी प्रदर्शित करें

लोहरदगा। जिले में पीसीपीएनडीटी (प्री-कंसेप्शन एंड प्री-नेटल डायग्नोस्टिक टेक्निक्स) अधिनियम, 1994 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित उपायुक्त कक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित पंजीकृत अल्ट्रासाउंड केंद्रों की गतिविधियों तथा अधिनियम के अनुपालन की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिला समन्वयक ने जिले के पंजीकृत अल्ट्रासाउंड केंद्रों की अद्यतन स्थिति एवं अब तक किए गए निरीक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस पर उपायुक्त ने शेष सभी केंद्रों का शीघ्र निरीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निर्धारित मानकों एवं चेकलिस्ट के अनुसार नियमित रूप से औचक निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र में पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को किसी भी स्थिति में बढ़ावा न मिले।

उन्होंने सभी केंद्रों में सिविल सर्जन एवं राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी का मोबाइल नंबर सहित शिकायत एवं सूचना संबंधी विवरण स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिक आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकें और किसी भी अनियमितता की जानकारी दे सकें।

उपायुक्त ने कहा कि भ्रूण लिंग चयन जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए निगरानी तंत्र को और अधिक मजबूत बनाया जाए तथा नियमित जांच और अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप, उपाधीक्षक डॉ. शंकर प्रसाद, सहायक सचिव डॉ. डी.एन. सिंह, अधिवक्ता सुरीला देवी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दीप्ति माला कुजूर, जिला समन्वयक जोफा लकड़ा, लोहरदगा ग्राम स्वरोजगार संस्था एवं होप संस्था के प्रतिनिधियों सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।