पीडीजे ने हरी झंडी दिखाकर जस्टिस ऑन व्हील्स वैन को किया रवाना
By Team Lohardaga live

ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों तक न्याय पहुंचाना मुख्य उद्देश्य, लोगों को मिलेगी निःशुल्क विधिक सहायता
लोहरदगा। व्यवहार न्यायालय लोहरदगा परिसर से सोमवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के अध्यक्ष राजकमल मिश्रा ने जस्टिस ऑन व्हील्स वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, मध्यस्थों एवं पैरा लीगल वॉलेंटियर्स (पीएलवी) की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय प्रेमलता त्रिपाठी, जिला जज प्रथम स्वयंभू, जिला जज द्वितीय नीरजा आसरी, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष हेमंत कुमार सिन्हा, सचिव लाल दीपक कुमार सहित अन्य अधिवक्तागण, एलएडीसीएस के अधिवक्ता, मध्यस्थ एवं पीएलवी मौजूद रहे।
इस अवसर पर पीडीजे सह डालसा अध्यक्ष राजकमल मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों तक न्याय और विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि वैन के माध्यम से लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही आमजन को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
डालसा सचिव मनोरंजन कुमार ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना जिला विधिक सेवा प्राधिकार की प्राथमिकता है। जस्टिस ऑन व्हील्स वैन गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनेगी और उन्हें त्वरित एवं सुलभ न्याय प्राप्त करने में सहयोग करेगी। उन्होंने बताया कि वैन में अधिवक्ता एवं पीएलवी मौजूद रहेंगे, जो लोगों को कानूनी सलाह देने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे।
वैन के रवाना होने के बाद सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लोगों को विधिक सेवाओं एवं डालसा द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। साथ ही उनकी समस्याओं को सुनकर आवश्यक कानूनी परामर्श भी दिया गया।
कार्यक्रम में सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी ठाकुर गौरी शंकर शर्मा, एलएडीसीएस सहायक भूपेंद्र कुमार, पीएलवी अजहर अहमद एवं संतोष कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
