पीडीजे राजकमल मिश्रा ने की एलएडीसीएस अधिवक्ताओं के साथ मासिक समीक्षा बैठक
By Team Lohardaga live

अंडर ट्रायल कैदियों के मामलों और सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुई विस्तृत चर्चा
लोहरदगा। जिला व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) राजकमल मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को कानूनी सहायता रक्षा परामर्श प्रणाली (एलएडीसीएस) से जुड़े अधिवक्ताओं के साथ मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डालसा सचिव राजेश कुमार, एलएडीसीएस चीफ नसीम अंसारी, डिप्टी चीफ उमेश कुमार और नारायण साहू, असिस्टेंट अधिवक्ता इंद्राणी कुजूर, भूपेंद्र कुमार एवं सुदामा साहू उपस्थित थे।
बैठक के दौरान अंडर ट्रायल कैदियों के मामलों पर चर्चा की गई। साथ ही 8 अक्टूबर 2025 को पारित सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बंदियों के मामलों की जानकारी नियमित रूप से लेते रहने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में एलएडीसीएस अधिवक्ताओं की थाना स्तर पर प्री-अरेस्ट कानूनी सहायता से संबंधित प्रतिनियुक्ति और उनके कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
जानकारी के अनुसार, वर्तमान में जिले में कुल दांडिक मामलों में लगभग 5 प्रतिशत मामलों का संचालन एलएडीसीएस के अधिवक्ताओं द्वारा किया जा रहा है।
