Orange hindi lohardaga live

हाथी एवं जंगली जानवरों से प्रभावित लोगों को मिला मुआवज़ा

By Team Lohardaga live

political
विधायक व पूर्व सांसद के साथ लाभुक

पूर्व मंत्री सह विधायक डॉ. रामेश्वर उराँव व पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने किया वितरण

लोहरदगा। जिले के कुरु प्रखंड स्थित फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में गुरुवार को वन विभाग की ओर से हाथी एवं अन्य जंगली जानवरों से प्रभावित लोगों के बीच मुआवज़ा राशि का वितरण किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सह विधायक डॉ. रामेश्वर उराँव एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के माध्यम से प्रभावित परिवारों को कुल ₹11,05,697 (ग्यारह लाख पाँच हजार छह सौ सत्तानवे) रुपए का मुआवज़ा चेक के माध्यम से वितरित किया गया।

इस मौके पर डॉ. रामेश्वर उराँव ने कहा कि बीते दिनों जिले के कई इलाकों में हाथियों एवं अन्य जंगली जानवरों के हमलों से जान-माल की क्षति हुई थी। कई लोगों के घर, फसल और अनाज नष्ट हो गए थे। लोगों द्वारा दी गई शिकायतों पर सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत राशि उपलब्ध कराई है, ताकि पीड़ितों को कुछ सहायता मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र ही बिजली की सुविधा बहाल की जाएगी और मानव–वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

वहीं, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि लोहरदगा एक वनाच्छादित जिला है, जहाँ कई बार वन्यजीवों के हमलों से जनहानि होती है। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा ऐसे मामलों में मुआवज़ा देने का प्रावधान है और जरूरतमंद लोग लिखित आवेदन के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद दी जाएगी।

कार्यक्रम में शकील अहमद, निशीथ जायसवाल सच्चिदानंद चौधरी, विशाल डुंगडुंग, विपिन टोप्पो, पंकज सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।