Orange hindi lohardaga live

सेवा का अधिकार सप्ताह का भरपूर लाभ उठाएं जनता : विधायक प्रतिनिधि

By Team Lohardaga live

General
कार्यक्रम का उद्घाटन करते विधायक प्रतिनिधि

कुडू प्रखंड के लावागाईं, कोलसिमरी और टाटी पंचायत में आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में जताई सहभागिता

लोहरदगा। जिले के कूडू प्रखंड में सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत आयोजित आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में मंगलवार को विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने लावागाईं, कोलसिमरी और टाटी पंचायत में आयोजित शिविरों में उपस्थित आम लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निशीथ जायसवाल ने कहा कि यह पहल सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने इसे झारखंड सरकार के पारदर्शी प्रशासन, सुशासन और समावेशी विकास की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम बताया।

उन्होंने कहा कि पहले योजनाओं की जानकारी लेना और उनका लाभ प्राप्त करना ग्रामीण जनता के लिए कठिन था कभी दस्तावेज़ों की कमी, कभी जानकारी का अभाव और कभी सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की मजबूरी रहती थी। लेकिन आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार अभियान इन सभी समस्याओं का समाधान प्रस्तुत कर रहा है। अब सरकार स्वयं जनता के घर–घर जाकर योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है और मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

शिविर में संचालित स्टॉलों के माध्यम से मैया सम्मान, राशन कार्ड, जॉब कार्ड, विभिन्न पेंशन योजनाएँ, जाति व आवासीय प्रमाणपत्र, सावित्रीबाई फुले योजना, अबुवा आवास समेत कई सेवाओं का निराकरण किया गया। मौके पर पात्र लाभुकों को जॉब कार्ड उपलब्ध कराए गए तथा कौशल विकास प्रशिक्षणार्थियों को प्रशस्तिपत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में जिप सदस्य रीना कुमारी, उपप्रमुख एनुल अंसारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष उराँव, नोडल पदाधिकारी अनुज मिंज, युवा अध्यक्ष विशाल डुंगडुंग, मुखिया ललिता उराँव, मुखिया सुखमनी उराँव, मुखिया राजमणी उराँव सहित कई पंचायत representatives और ग्रामीण उपस्थित रहे।