Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा स्थापना दिवस पर विकास का संकल्प, जलस्रोत बचाने और अंधविश्वास खत्म करने की अपील

By Team Lohardaga live

Administrative
कार्यक्रम का उद्घाटन करते सांसद सुखदेव भगत व अन्य

43वें स्थापना दिवस समारोह में 81 करोड़ से अधिक की परिसंपत्तियों का वितरण, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित

कार्यक्रम को संबोधित करते विधायक डॉ रामेश्वर उरांव

लोहरदगा। जिला का 43वां स्थापना दिवस समारोह सोमवार को समाहरणालय मैदान में धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद Sukhdeo Bhagat, विधायक Rameshwar Oraon और उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में विकास योजनाओं, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण से जुड़े कई संदेश दिए गए।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि लोहरदगा की पहचान साझी संस्कृति और सामाजिक सौहार्द से रही है। उन्होंने कहा कि परंपरागत जलस्रोतों को बचाना आज की बड़ी जरूरत है, क्योंकि नदी-नाले और डोभा लगातार सूख रहे हैं। उन्होंने डायन प्रथा को समाज के लिए अभिशाप बताते हुए कहा कि इस अंधविश्वास को खत्म करने के लिए गांव स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। नशाखोरी को भी बढ़ते अपराध का बड़ा कारण बताते हुए उन्होंने समाज से सामूहिक पहल की अपील की।

विधायक डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि बदलते मौसम और कम बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को खेती की नई रणनीति अपनानी होगी। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर बीज और खाद उपलब्ध कराना जरूरी है। साथ ही युवाओं के लिए खेल मैदान और बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा व्यवस्था पर भी जोर दिया।

उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने जिले की उपलब्धियों को गिनाते हुए बताया कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से 93 हजार से अधिक महिलाओं को लाभ मिल रहा है। अबुआ आवास योजना, पीएम आवास योजना और पीएम जनमन योजना के तहत हजारों आवासों का निर्माण जारी है।

उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत जिले में 1619 एकड़ में आम बागवानी योजना संचालित है। झारखंड मिलेट मिशन के तहत एक हजार परिवारों को प्रोत्साहन राशि दी गई है। जिले में प्रतिदिन 50 हजार लीटर दूध उत्पादन हो रहा है, जिससे लोहरदगा राज्य में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

स्थापना दिवस समारोह में जैक बोर्ड, सीबीएसई और सीएम उत्कृष्ट विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़े 21 हजार से अधिक लाभुकों के बीच 81 करोड़ 62 लाख रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। लाभुकों को आवास स्वीकृति पत्र, पेंशन, बैंक लिंकेज, सिलाई मशीन, सामुदायिक वन पट्टा और ट्राई साइकिल समेत कई योजनाओं का लाभ दिया गया।

कार्यक्रम के बाद जिला नियोजन कार्यालय के समीप नवनिर्मित दीदी कैफे का उद्घाटन भी किया गया। यह कैफे नीति आयोग की अवार्ड राशि से तैयार किया गया है।

समारोह में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, एसडीओ अमित कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।