ट्रेनिंग प्राप्त कर आमजनों के हित में कार्य करें पीएलवी : पीडीजे
By Team Lohardaga live

भूमि साक्षरता विषय पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार और ग्राम नियोजन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

लोहरदगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लोहरदगा और ग्राम नियोजन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित सभा कक्ष में अर्ध कानूनी स्वयंसेवकों (पीएलवी) के लिए कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम के तहत "भूमि साक्षरता" विषय पर मॉड्यूल टू के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार लोहरदगा राजकमल मिश्रा, डालसा सचिव राजेश कुमार और ग्राम नियोजन केंद्र के इश्तेयाक अहमद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा राजकमल मिश्रा ने कहा कि सभी पीएलवी प्रशिक्षण को ध्यानपूर्वक पूरा करें और आमजनों के हित में कार्य करें। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों में अज्ञानता के कारण लोग अक्सर ठगी और छल का शिकार बन जाते हैं, इसलिए पीएलवी को समाज में लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है ताकि कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रहे।
ग्राम नियोजन केंद्र के इश्तेयाक अहमद ने प्रशिक्षण के दौरान सभी पीएलवी को कम्युनिकेशन स्किल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने जमीन पर सुरक्षित अधिकार, प्राथमिक दस्तावेज, दाखिल-खारिज, जमीन रजिस्ट्री की प्रक्रिया, जमीन खरीद-बिक्री की विधि, जिला स्तर पर भूमि अधिकारियों की जिम्मेदारियां, सीएनटी एक्ट, पेशा कानून, एसपीटीए एक्ट, विलकिंसन एक्ट, बंदोबस्ती की प्रक्रिया, भूमि रूपांतरण, पुस्तैनी और गैर पुस्तैनी भूमि तथा भू-अधिग्रहण मुआवजा जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने भूमि से संबंधित ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी भी दी और बताया कि झारखंड सरकार के "झारभूमि" वेबसाइट के माध्यम से नागरिक अपनी जमीन से जुड़ी विभिन्न जानकारियां आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर डालसा सचिव राजेश कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सभी पीएलवी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लोगों को भूमि से संबंधित कानूनी जानकारी देंगे और उन्हें जागरूक करेंगे। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा आयोजित अंचल थाना दिवस कार्यक्रमों में भाग लेकर लोगों की शिकायतों के समाधान में भी सहयोग करेंगे।
वहीं एलएडीसीएस डिप्टी चीफ उमेश कुमार ने भी भूमि से संबंधित कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की। कार्यक्रम के समापन पर प्रशिक्षण प्राप्त पीएलवी को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
मौके पर पुन्नू देवी, रवि कुमार, मीना कुमारी, इजहार अहमद, जितेंद्र राम, छाया देवी, अनिता कर्मकार, दुखिता मिंज, मंजू खाखा, रोहित कुमार, धनेश्वर साहू, प्रभु दयाल पासी, जयंती देवी, शीत महतो, सुरेश प्रसाद, प्रियांशु यादव, सुनेश्वर उरांव, विशाल सोनी, जीत नारायण शाही, प्रभु चरण उरांव, वीरचंद उरांव, रेणु कुमारी, श्रीमती कुमारी, अजहर अहमद, हफ़ीजुल अंसारी, अनिमा एक्का, कलावती कुमारी, विकास ठाकुर, कलिंदर उरांव, निशा कुमारी, देवमणि कुमारी और सारू कुंवर गोप सहित कई पीएलवी उपस्थित थे।
