पीएम श्री स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता परखी, तीन विद्यालयों का सघन निरीक्षण
By Team orangehindi


निदेशक प्राथमिक शिक्षा मनोज कुमार रंजन ने कक्षाओं, लैब, पुस्तकालय, एमडीएम और आधारभूत सुविधाओं का लिया जायजा
लोहरदगा| झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निदेशक, प्राथमिक शिक्षा मनोज कुमार रंजन ने मंगलवार को लोहरदगा जिले के तीन पीएम श्री विद्यालयों का सघन निरीक्षण किया। जिले में संचालित नौ पीएम श्री विद्यालयों के अनुश्रवण के दूसरे चरण के तहत यह निरीक्षण किया गया।
निदेशक ने पीएम श्री राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय चितरी डांडू (सेन्हा), पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय किस्को और पीएम श्री राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय कुजरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रार्थना सभा, विद्यार्थियों की उपस्थिति, कक्षा में चल रहे पठन-पाठन, शिक्षकों की उपस्थिति और लेसन प्लान की जानकारी ली गई। इसके अलावा पुस्तकालय, आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, किचन शेड, शौचालय, पेयजल, स्वच्छता, मध्याह्न भोजन, खेल मैदान और बाउंड्री वॉल का भी निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी सीखने की प्रगति की जानकारी ली और उनकी कॉपियां भी देखीं। KGBV किस्को में छात्राओं से सुरक्षा, आवासीय व्यवस्था और करियर संबंधी विषयों पर चर्चा की गई।
निरीक्षण के बाद निदेशक मनोज कुमार रंजन ने पीएम श्री विद्यालयों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों को FLN, आईसीटी लैब, पुस्तकालय और प्रयोगशाला का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने तथा शिक्षा के साथ कौशल विकास, डिजिटल शिक्षा, पर्यावरण और संस्कार पर ध्यान देने का निर्देश दिया।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी दास सुनंदा चन्द्रमोलेश्वर, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार, एडीपीओ मोनिदीपा बनर्जी, एपीओ एमलीन सुरीन, क्षेत्र प्रबंधक आकाश कुमार समेत बीआरपी, सीआरपी और झारखंड शिक्षा परियोजना के अधिकारी मौजूद रहे। विद्यालयों के प्रधानाध्यापक मनीष कुमार अग्रवाल, वार्डन संगीता साहू और प्रधानाध्यापक राजश्री भगत ने अधिकारियों का स्वागत किया।