Orange hindi lohardaga live

छात्रावास में घुसा जहरीला सांप, चार छात्राओं को डसा; एक की मौत, तीन का इलाज जारी

By Team Lohardaga live

incident
A

कूडू थाना क्षेत्र के समसीरा हायर सेकेंड्री आवासीय विद्यालय की घटना, एक छात्रा का सदर अस्पताल में इलाज, एक रिम्स रेफर, चौथी छात्रा का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है

लोहरदगा: कूडू थाना क्षेत्र स्थित समसीरा हायर सेकेंड्री आवासीय विद्यालय, रोचो महुआ टोली के छात्रावास में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। छात्रावास के कमरे में सो रही चार छात्राओं को जहरीले सांप ने डस लिया, जिससे छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई। विद्यालय के शिक्षक द्वारा सभी छात्राओं को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का इलाज चल रहा है।

मृतक छात्रा की पहचान सलगी अलौदी नवा टोली निवासी 12 वर्षीय वर्षा उरांव, पिता विश्राम उरांव, के रूप में हुई है। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना में घायल 14 वर्षीय मनीषा कुमारी, पिता विश्राम भगत, निवासी रोचो महुआ टोली, का इलाज सदर अस्पताल में जारी है। वहीं 11 वर्षीय फुलमानिया उरांव, निवासी कूडू, की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया है। इसके अलावा 12 वर्षीय अनीसा कुमारी, निवासी महतो टोली, भी सांप के डसने से गंभीर रूप से बीमार हो गई है। हालांकि उसका फिलहाल निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। कुडु थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है पुलिस पूरे मामले पर कार्रवाई कर रही है। वहीं विद्यालय के छात्रावास में एक साथ चार छात्राओं को सांप के डसने की घटना ने छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।