दो साल से फरार ठगी के आरोपी को पुलिस ने दबोचा
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। कुडू थाना पुलिस ने दो वर्ष से फरार चल रहे ठगी के आरोपी आशीष महतो को पलामू जिले के मेदिनीनगर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुडू थाना कांड संख्या 94/23, धारा 419/420 भादवि के नामजद अभियुक्त लावागाई निवासी मगन महतो का पुत्र आशीष महतो मेदिनीनगर में छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही कुडू थाना प्रभारी मनोज कुमार के निर्देश पर एक छापेमारी टीम गठित की गई, जिसकी अगुवाई पुअनि हेमंत कुमार ने की। टीम ने तत्परता दिखाते हुए मेदिनीनगर में छापा मारा और आरोपी को गिरफ्तार कर कुडू थाना लाया गया, जहाँ से उसे लोहरदगा जेल भेज दिया गया।
बताया गया है कि आशीष महतो लोगों को नौकरी लगवाने, एनआईसी पेपर बनवाने और आधार मशीन दिलवाने के नाम पर ठगी करता था। उसके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि उसने कई लोगों से इसी तरह लाखों रुपये ठगे हैं।
गौरतलब है कि इसी मामले के शिकायतकर्ता अभिषेक कुमार चौधरी, जिन्हें आशीष महतो ने ठगा था, ठगी की घटना से मानसिक तनाव में आकर 3 सितंबर 2023 को जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। उस घटना के बाद से ही आरोपी आशीष महतो फरार चल रहा था।
