लोहरदगा में त्योहारों से पहले अलर्ट पर पुलिस:
By Team orangehindi

लोहरदगा जिले में आगामी गणेश चतुर्दशी, विश्वकर्मा पूजा एवं करमा पर्व को लेकर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग आयोजित हुई। एसपी सादिक अनवर रिजवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, मुख्यालय डीएसपी समीर तिर्की, किस्को एसडीपीओ दिवाकर कुमार समेत जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में एसपी ने लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन की समीक्षा करते हुए अनुसंधानकर्ताओं के कार्यों की सराहना की। उन्होंने जिला सड़क सुरक्षा समिति द्वारा चिन्हित ब्लैक स्पॉटों से संबंधित निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जेल से निकले हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ी नजर रखने तथा फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही पर संबंधित थाना प्रभारी की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराध पर लगाम केवल गिरफ्तारी से नहीं, बल्कि अपराध की संभावनाओं को समय रहते समाप्त करने से लगेगी। इसके लिए नियमित गश्ती, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय जरूरी है।
त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने का निर्देश देते हुए एसपी ने कहा कि लोहरदगा पुलिस का लक्ष्य आम जनता को सुरक्षित एवं अपराधमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है













