लोहरदगा में उपद्रव से निपटने का पुलिस ने किया पूर्वाभ्यास, आंसू गैस से लेकर लाठीचार्ज तक की तैयारी
By Team orangehindi


दुर्गा पूजा और विजयादशमी को लेकर न्यू पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
लोहरदगा। दुर्गा पूजा, विजयादशमी, रावण दहन और मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोहरदगा पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। किसी भी आपात स्थिति में भीड़ को नियंत्रित करने और विधि-व्यवस्था संभालने की क्षमता परखने के लिए बुधवार को न्यू पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें पुलिस जवानों ने सड़क जाम, पत्थरबाजी और उपद्रव जैसी परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया।
पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर किस्को एसडीपीओ दिवाकर कुमार के नेतृत्व में आयोजित मॉक ड्रिल में जवानों ने विभिन्न परिस्थितियों में कार्रवाई का प्रदर्शन किया। अभ्यास के दौरान उपद्रवियों की भूमिका निभा रहे जवानों ने टायर जलाकर सड़क जाम किया और पुलिस पर पत्थरबाजी करते हुए नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस टीम ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई का अभ्यास किया।
सबसे पहले ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से प्रदर्शनकारियों से रास्ता खाली करने और शांति बनाए रखने की अपील की गई। इसके बाद पानी की बौछार, आंसू गैस के गोले छोड़ने और लाठीचार्ज जैसी परिस्थितियों में कार्रवाई का पूर्वाभ्यास किया गया। साथ ही, घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था का भी अभ्यास किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य जवानों के बीच समन्वय बढ़ाने और आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है, ताकि पर्व-त्योहारों के दौरान आम लोगों की सुरक्षा प्रभावित न हो।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
किस्को एसडीपीओ दिवाकर कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से दुर्गा पूजा समेत सभी त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा नहीं करें और बिना पुष्टि किए संदेशों को सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित करने से बचें। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने की अपील भी की गई।
मौके पर सार्जेंट मेजर शेरू रंजन कुमार, सार्जेंट मेजर मुकेश कुमार, सार्जेंट विवेक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। पुलिस का लक्ष्य त्योहारों के दौरान जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है