Orange hindi lohardaga live

शराबी, जुआरी एवं असमाजिक तत्वों पर पुलिस की होगी पैनी नजर

By Team lohardaga live

Administrative
क्राइम मीटिंग करते पुलिस कप्तान

पुलिस कप्तान सादिक अनवर रिजवी ने दीपावली व छठ पर्व को लेकर पुलिस पदाधिकारियों संग की क्राइम मीटिंग, दिए कई निर्देश

उपस्थित पुलिस पदाधिकारी

लोहरदगा पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में सोमवार को पुलिस कप्तान सादिक अनवर रिजवी की अध्यक्षता में आगामी दीपावली और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, मुख्यालय डीएसपी समीर तिर्की, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी उपस्थित थे। बैठक की शुरुआत में एसपी ने जिले के विभिन्न थानों में दर्ज लंबित कांडों की समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि पुराने मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि न्याय प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। एसपी रिजवी ने कहा कि अपराध नियंत्रण तभी संभव है जब थाना स्तर पर सक्रियता, सजगता और समन्वय बना रहे। उन्होंने पिछले माह जिले में घटित संवेदनशील घटनाओं, महिला उत्पीड़न, हत्या, चोरी और गृहभेदन से जुड़े मामलों की थानावार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि लंबित वारंटों के निष्पादन में तेजी लाई जाए तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता दी जाए। एसपी ने विशेष रूप से महिला उत्पीड़न और एससी/एसटी अधिनियम से संबंधित कांडों में त्वरित कार्रवाई कर समय पर न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित करने का आदेश दिया। इसके अलावा, यातायात प्रभारी को भी निर्देश दिया गया कि त्योहारों के दौरान विशेष अभियान चलाकर ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। एसपी ने कहा कि दीपावली और छठ पर्व के दौरान शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक विशेष पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना से बचा जा सके। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को स्थानीय लोगों से संपर्क और संवाद बनाए रखने, शांति-व्यवस्था पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एसपी सादिक अनवर रिजवी ने अंत में कहा कि जिले में जुआ, शराब और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त स्थलों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाया जाए और अधिक से अधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता और जनसहयोग से ही जिले में शांति और सौहार्द का माहौल बनाए रखा जा सकता है।