28 जून को 644 बूथों पर बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, 29-30 जून को चलेगा घर-घर अभियान
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से आगामी पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रणनीति, तैयारियों और लक्ष्य प्राप्ति को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने बताया कि 28 जून 2026 को जिले के 644 चिन्हित बूथों पर जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को भी दवा पिलाएंगी, जो बूथों तक नहीं पहुंच सकेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान की सफलता के लिए व्यापक जनजागरूकता एवं प्रभावी मोबिलाइजेशन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। सभी प्रखंडों में टास्क फोर्स की बैठक कर स्थानीय स्तर पर सुदृढ़ कार्ययोजना तैयार करने, वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण एवं शीत श्रृंखला (कोल्ड चेन) का पूरी तरह पालन करने तथा सहिया और आंगनबाड़ी सेविकाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने विशेष रूप से सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों पर ध्यान देने को कहा, ताकि अभियान जिले के प्रत्येक गांव और टोले तक प्रभावी ढंग से पहुंचे तथा शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. शंकर प्रसाद, डॉ. डी.एन. सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम), सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
