लोहरदगा जिला परिषद में अविश्वास प्रस्ताव पर सियासी घमासान
By Team Lohardaga Live

जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर जिला परिषद सभागार में बैठक का हुआ आयोजन
लोहरदगा। जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर जिला परिषद बोर्ड में सियासी घमासान मच गया है। बुधवार को 7 जिप सदस्य और 7 प्रमुख सहित 16 सदस्यों ने बैठक कर डीसी को पत्र सौंपा और अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की मांग की।
बैठक के बाद डीसी को ज्ञापन सौंपकर सदस्यों ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि वर्तमान जिप अध्यक्ष रीना कुमारी के कार्यशैली से क्षुब्ध होकर विगत 13 सितम्बर को डीडीसी को अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पत्र सौंपा गया था।
हालांकि, उससे पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी ने 22 सितम्बर को डीसी को अपने पद से इस्तीफा पत्र देकर नया मोड़ दे दिया। जिसके कारण डीसी ने 24 सितंबर को होने वाले अविश्वास प्रस्ताव के बैठक को स्थगित कर दिया। जानकार बताते हैं कि इस्तीफा देने के 15 दिन के अंदर इस्तीफा पत्र मान्य माना जाता है, इस दौरान वर्तमान अध्यक्ष अपना फैसला बदल भी सकती हैं।
दूसरी बार अविश्वास प्रस्ताव
गौरतलब है कि जिप अध्यक्ष रीना कुमारी के खिलाफ जिला परिषद सदस्यों ने 2024 जनवरी में भी अविश्वास प्रस्ताव लाया था। लेकिन कोरम पूरा नहीं होने के कारण उनका पद बच गया था। लेकिन फिर से दूसरी बार उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का आना अनोखी बात है।
जानकारी के मुताबिक कई जिप सदस्य लंबे समय से रीना कुमारी की कार्यशैली से नाराज थे। सदस्यों का आरोप था कि अध्यक्ष मनमाने ढंग से फैसले ले रही थीं और परिषद की बैठकों में पारदर्शिता की कमी थी। इसी असंतोष के कारण उन्होंने सामूहिक रूप से अविश्वास प्रस्ताव लाने का निर्णय लिया था।
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि इस घटनाक्रम से जिले की पंचायत राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि चुनाव के प्रक्रिया शुरू होने के आदेश के बाद ही रेस में कौन आगे है पता चल पाएगा।
