अंडरपास की समस्या को लेकर प्रवीण कुमार सिंह की पहल, रेलवे ने लिया संज्ञान, सुधार कार्य शुरू
By Teem Lohardaga live

ओयना अंडरपास की समस्या पर प्रवीण कुमार सिंह की पहल रंग लाई, रेलवे ने लिया संज्ञान और शुरू हुआ कार्य
लोहरदगा। जिले के पतरा टोली से ओयना गांव को जोड़ने वाला रेलवे अंडरपास लंबे समय से खराब स्थिति में था। बरसात के दौरान पानी भराव, गलत ग्रेडियंट और आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं के कारण ग्रामीणों के लिए यह रास्ता बेहद मुश्किल और जोखिमभरा बन गया था।
झारखंड सरकार के प्रशासनिक अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह, जो हाल ही में छठ महापर्व पर अपनी पत्नी अनीता देवी (उपाध्यक्ष, जिला परिषद लातेहार) के साथ पूजा में शामिल होने गांव पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने अंडरपास की जमीनी स्थिति को देखा और तत्परता दिखाते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ट्विटर के माध्यम से इसकी जानकारी दी।
रेल मंत्रालय ने ट्वीट पर संज्ञान लेते हुए तुरंत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अंडरपास के ग्रेडियंट सुधार का कार्य शुरू कर दिया गया है।
प्रवीण कुमार सिंह ने रेल मंत्री और रेलवे मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक सड़क समस्या का समाधान नहीं, बल्कि जवाबदेह शासन और संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण है। उनके अनुसार, अब ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलेगी।
यह पूरा घटनाक्रम इस बात का प्रतीक है कि जब जनता, प्रशासन और शासन एक साथ सक्रियता दिखाते हैं, तो स्थानीय समस्याओं का समाधान शीघ्रता से संभव हो जाता है।
