Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा सदर अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत, जांच के आदेश

By Team Lohardaga Live

incident
सदर अस्पताल, लोहरदगा

लोहरदगा जिले के सदर अस्पताल में शुक्रवार को इलाज के लिए आई एक गर्भवती महिला और गर्भ में ही नवजात की मौत के बाद सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप ने पूरे मामले पर जांच के निर्देश दिए हैं।

जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत नवदी गांव के रहने वाले मंगरू उरांव की 28 वर्षीय पत्नी ईन्की कुमारी को शुक्रवार दोपहर लेबर पेन शुरू हुआ, जिसके बाद सहिया के मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेन्हा ले जाया गया। जिसके बाद उसके गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने गर्भ में ही नवजात की मौत की पुष्टि की और रिम्स रेफर कर दिया। वहीं रिम्स ले जाने के क्रम में गर्भवती महिला की भी मौत हो गई।

वहीं परिजनों ने बताया कि महिला की मौत के बाद एम्बुलेंस चालक मृतिका को छोड़कर वहां से भाग निकला। जिसके बाद परिजनों ने प्राइवेट एम्बुलेंस कर शव को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे और सदर अस्पताल प्रबंधक पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया।

लोहरदगा उपायुक्त डॉ कुमार ताराचंद ने मीडिया की खबर पर संज्ञान लेते हुए जांच कर लापरवाही बरतने वाले लोगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया है।

पूरे मामले पर लोहरदगा सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप ने सदर अस्पताल में सुविधाओं की कमी की बात स्वीकारते हुए बताया कि सदर अस्पताल में समुचित व्यवस्था नहीं है। महिला की मौत दुखद है, इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंची थी, जांच की गई लेकिन गर्भ में ही नवजात की मौत हो गई थी और इन्फेक्शन फैल रहा था। जिसका इलाज सदर अस्पताल में नहीं हो पाता, इसलिए रिम्स रेफर किया गया। स्वास्थ्य विभाग को बेहतर बनाने के लिए दिशा निर्देश दिए गए हैं और पूरे मामले पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।