दुर्गापूजा पर नौ दिवसीय रामचरितमानस पाठ व भागवत कथा की तैयारी तेज
By Team orangehindi

कलश यात्रा को भव्य बनाने पर समिति ने किया विचार, कार्यकर्ताओं को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी
लोहरदगा। ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में रविवार को रामचरितमानस पाठ समिति की बैठक अध्यक्ष अशोक पोद्दार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में दुर्गापूजा के अवसर पर नौ दिनों तक लगातार आयोजित होने वाले रामचरितमानस पाठ एवं भागवत पुराण कथा की तैयारियों की समीक्षा की गई।
समिति के सचिव अजय कुमार मित्तल ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए आयोजन को लेकर अब तक किए गए कार्यों का ब्योरा सदस्यों के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को व्यवस्थित और भव्य रूप देने के लिए समिति के सदस्य सक्रिय रूप से तैयारी में जुटे हैं।
कोषाध्यक्ष मुरली अग्रवाल ने बताया कि प्रवचनकर्ता एवं भागवत पुराण कथावाचक के आने की अनुमति प्राप्त हो गई है। कथावाचक के निर्देशानुसार आयोजन से जुड़ी तैयारियां और व्यवस्थाएं की जा रही हैं। बैठक में सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से सहयोग करने की बात कही।
कलश स्थापना के दिन प्रस्तावित कलश यात्रा को भव्य स्वरूप देने पर भी विशेष चर्चा हुई। इसके लिए अधिक से अधिक लोगों और संगठनों से संपर्क कर सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
समिति के प्रवक्ता रामचंद्र गिरि ने बताया कि बैठक में ओमप्रकाश सिंह, लालमोहन केसरी, संजय चौधरी, परमेश्वर साहू, आनंद पांडेय, डॉ. कुमुद अग्रवाल, संदीप पोद्दार, सुनील अग्रवाल सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं सनातन धर्मावलंबी उपस्थित थे।