रबी फसल की तैयारी तेज, किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर मिल रहा बीज
By Team Lohardaga live

जिला कृषि विभाग सक्रिय, ठंड से फसल बचाव को लेकर किसानों को दी गई विशेष सलाह
लोहरदगा। जिले में रबी फसल को लेकर जिला कृषि विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। जिला कृषि पदाधिकारी कालेन खलखो ने बताया कि विभाग द्वारा एफपीओ, लैंप्स और विभिन्न माध्यमों से किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में 3738.60 क्विंटल गेहूं, 233.22 क्विंटल चना और 80.80 क्विंटल सरसों का बीज उपलब्ध है। किसानों को गेहूं 19.87 रुपये प्रति किलो, चना 51.45 रुपये प्रति किलो और सरसों 46.50 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग के अनुसार अब तक 2932.73 क्विंटल गेहूं, 146.08 क्विंटल चना और 53.43 क्विंटल सरसों का वितरण किया जा चुका है।
कृषि पदाधिकारी ने बताया कि पंचायत स्तर पर समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं, ताकि किसानों को फसलों को होने वाले नुकसान से बचाव के उपायों की जानकारी मिल सके। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि ठंड के मौसम में विशेषकर आलू की फसल पर ध्यान देने की आवश्यकता है। इसके लिए खेत में पटवन अवश्य करें, जिससे नमी बनी रहे और पाले से नुकसान कम हो सके। जरूरत पड़ने पर किसान अपने खेतों के चारों ओर आग जलाएं, जिससे फसलों को ठंड से सुरक्षा मिले। इसके अलावा फसलों को बचाने के लिए जरूरत पड़ने पर इंडोफिल, एम 45, कॉमपैन साफ जैसी दवाओं का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।
