विजयादशमी के अवसर पर मेला सह रावण दहन की तैयारियां पूरी
By Team Lohardaga Live


लोहरदगा में विजयादशमी के अवसर पर बक्शीडीपा मेला स्थल पर मेला सह रावण दहन कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति की एक आवश्यक बैठक हुई। इस बैठक में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत लकड़ा, संरक्षक डॉ अजय शाहदेव, प्रवीण कुमार सिंह, बदला पंचायत के मुखिया दिलीप उरांव, उप मुखिया दीपक उरांव और अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
बैठक में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति की ओर से 50 नवयुवकों की एक टीम का गठन किया गया, जो मेला व्यवस्था कायम रखने में प्रशासन का सहयोग करेंगे। इस टीम का उद्देश्य मेला के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखना है।
इस बैठक में पुलिस उपाधीक्षक शमीर तिर्की, अंचल पदाधिकारी पंकज कुमार भगत, थाना प्रभारी वारिस हुसैन और इंस्पेक्टर सहित जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी मौजूद थे। उन्होंने मेला के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बता दें कि इस वर्ष विजयादशमी के दिन 65 फीट के रावण का दहन होगा, जो आकर्षण का केंद्र होगा। इसके साथ ही 60 फीट का कुंभकर्ण और 55 फीट का मेघनाथ का आकर्षक पुतला बनाया जा रहा है। इन पुतलों का निर्माण गया जिले के मानपुर के अनुभवी कारीगरों द्वारा किया जा रहा है।
