मैना बगीचा में करम पूजनोत्सव की तैयारियां तेज, सांसद सुखदेव भगत ने लिया जायजा
By Team orangehindi

पूजा स्थल का निरीक्षण कर आयोजन समिति को साफ-सफाई, पेयजल, बैठने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
लोहरदगा। मैना बगीचा में नवयुवक सरना समिति के तत्वावधान में इस वर्ष भी करमा पूजनोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने मंगलवार को लोहरदगा के सांसद सह छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत पूजा स्थल पहुंचे। उन्होंने पूजा स्थल का निरीक्षण कर समिति के सदस्यों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।
सांसद ने आयोजन को सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने पर जोर देते हुए पूजा स्थल की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल और सुरक्षा समेत आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान सुखदेव भगत ने कहा कि करमा पर्व प्रकृति, भाई-बहन के स्नेह, आपसी भाईचारे और आदिवासी संस्कृति की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। मैना बगीचा में पिछले कई वर्षों से श्रद्धा और उल्लास के साथ करमा पूजनोत्सव मनाया जाता रहा है। इस वर्ष भी इसे सामूहिक सहभागिता के साथ भव्य रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि करमा उत्सव केवल पूजा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोकगीत, मांदर की थाप, पारंपरिक संस्कृति और आदिवासी अस्मिता से जुड़ा पर्व है। उन्होंने लोहरदगा की जनता, माताओं-बहनों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की। साथ ही करम देवता से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।