भगवान बिरसा मुंडा जयंती सह राष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन की तैयारी जोर-शोर से जारी
By Teem Lohardaga live

राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा लोहरदगा कर रही है 25वां वर्षगांठ समारोह का आयोजन
लोहरदगा। भगवान बिरसा मुंडा जयंती सह राष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन के 25वें वर्षगांठ समारोह की तैयारियां जिले में जोर-शोर से चल रही हैं। यह भव्य कार्यक्रम 15 नवंबर को कचहरी मोड़, दरहा देशवली कुटमू, लोहरदगा में आयोजित किया जाएगा। आयोजन की जिम्मेदारी राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा, जिला समिति लोहरदगा द्वारा संभाली जा रही है।
कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए मंच निर्माण, सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं। आयोजन स्थल पर एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की जा रही है, ताकि दूर-दराज से आने वाले लोग भी कार्यक्रम का आनंद उठा सकें। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक आदिवासी नृत्य प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें ढोल, मांदर और नगाड़े की गूंज से वातावरण सराबोर रहेगा।
राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा, जिला समिति के पदाधिकारियों जलेश्वर उरांव, कृष्ण भगत, बिरसा उरांव, फूलदेव भगत, सुधू भगत, जयंती उरांव, मंगलदास उरांव, प्रमिला, कांति उरांव और राजमनी उरांव ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि यह आयोजन भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और सरना धर्म की परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाएं और अपने महान नायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को एकता, संस्कृति और आस्था के प्रतीक के रूप में मनाएं।
