बिमरला और पाखर माइंस में खान सुरक्षा सप्ताह की तैयारियां जोरों पर
By Team Lohardaga live

15 से 21 दिसंबर तक मनाया जाएगा 63वां वार्षिक धात्विक खान सुरक्षा सप्ताह, सुरक्षा जागरूकता पर रहेगा विशेष जोर
लोहरदगा। खान सुरक्षा निदेशालय, चाईबासा प्रक्षेत्र के मार्गदर्शन में 63वां वार्षिक धात्विक खान सुरक्षा सप्ताह समारोह वर्ष 2025 के तहत 15 दिसंबर से 21 दिसंबर तक विभिन्न खदान क्षेत्रों में मनाया जाएगा। इस अवसर पर बिमरला एवं पाखर माइंस में कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं।
समारोह के दौरान श्रमिकों, खनन कर्मियों, आसपास के ग्रामीणों तथा स्कूली बच्चों के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, बैनर, दीवार लेखन सहित विभिन्न माध्यमों से लोगों को खान सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया जा रहा है।
बिमरला माइंस में आयोजन को लेकर माइंस कार्यालय परिसर में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से खान सुरक्षा सप्ताह समिति का गठन किया गया, जिसमें प्रबंधक किरण शंकर सिंह को अध्यक्ष, चंद्रकांत दुबे को सचिव, अनुज सिंह को कोषाध्यक्ष तथा प्रत्यूष राउत को सह-सचिव चुना गया।
कार्यकारिणी सदस्यों में प्रज्ज्वल साहू, राम अवतार पासवान, सुजीत झा, नागेन्द्र सिंह, कृष्णा शर्मा, उमेश कुमार, सुरेश यादव, दीपक कुमार, हीरामती कुमारी, गीता कुमारी, अंकित तिवारी सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।
वहीं, हिंडाल्को के पाखर बॉक्साइट माइन्स में भी 63वां खान सुरक्षा सप्ताह डीजीएमएस, चाईबासा क्षेत्र के तत्वाधान में 15 से 21 दिसंबर तक मनाया जाएगा। इसे लेकर पाखर माइंस के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से आयोजन समिति का गठन किया गया, जिसमें खान प्रबंधक अनिल कुमार सिंह को अध्यक्ष, अमलेंदु कुमार को सचिव, सुनील कुमार पांडे को सह-सचिव तथा बिरेंद्र यादव को इवेंट कोऑर्डिनेटर चुना गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सकारात्मक सुझाव दिए। बैठक में खान प्रबंधक जितेंद्र कुमार, खान प्रबंधक संजय कुमार, सहायक प्रबंधक सत्यव्रत बेहरा, डॉ. हरिशंकर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
