राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे को लेकर न्यायिक पदाधिकारियों ने की बैठक
By Team orange hindi

12 सितंबर को आयोजित होगी वर्ष की तीसरी राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन पर दिया गया जोर
लोहरदगा। 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर सोमवार को व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार राजकमल मिश्रा ने की।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन, अधिक से अधिक लंबित मामलों के निष्पादन, पक्षकारों को समय पर नोटिस भेजने तथा आपसी सहमति के आधार पर मामलों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकमल मिश्रा ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पक्षकारों को शीघ्र, सुलभ और कम खर्च में न्याय मिल सके। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वित एवं प्रभावी ढंग से कार्य करते हुए लोक अदालत को सफल बनाने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय प्रेमलता त्रिपाठी, एडीजे प्रथम स्वयंभू, एडीजे द्वितीय नीरजा असरी, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) के.के. मिश्रा, डालसा सचिव मनोरंजन कुमार, सिविल जज रोहित कुमार, व्यवहार न्यायालय के रजिस्ट्रार अमित कुमार तथा सिविल जज सह पीएमजेजेबी जया स्मिता कुजूर सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा तथा अधिक से अधिक मामलों के सौहार्दपूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक तैयारी समय रहते पूरी की जाएगी।