श्रावणी सोमवारी जलाभिषेक यात्रा की तैयारियां शुरू, शिवभक्तों की सुविधा के लिए कई अहम निर्णय
By Team Lohardaga live

चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति की बैठक में आयोजन समिति का गठन, कांवड़ियों के लिए जलपान, चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
लोहरदगा। श्रावण मास की प्रथम सोमवारी पर रांची स्थित पहाड़ी मंदिर में जलाभिषेक के लिए निकलने वाली पारंपरिक कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर चंद्रशेखर आजाद चौक (तेतरतर), थाना रोड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के आजीवन संरक्षक कृष्णकांत सिन्हा ने की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिले के शिवभक्त पैदल यात्रा कर पहाड़ी मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा को भव्य, अनुशासित, सुरक्षित एवं श्रद्धापूर्ण बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में कांवड़ियों के लिए मार्ग में जलपान, विश्राम स्थल, चिकित्सा सुविधा, चलंत शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था, पंजीयन एवं पहचान पत्र की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। साथ ही जिले के विभिन्न धार्मिक संगठनों, वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों तथा जिला प्रशासन को आयोजन में आमंत्रित करने का भी निर्णय लिया गया।
समिति ने यात्रा के दौरान डीजे के स्थान पर कर्णप्रिय ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, अनुशासित एवं पंक्तिबद्ध यात्रा, नशामुक्त आयोजन तथा विभिन्न कार्यों के लिए प्रभारी नियुक्त करने पर सहमति जताई। आयोजन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन भी किया गया। साथ ही तय किया गया कि अगली बैठक खेमराज स्मृति भवन में जिले के विभिन्न सनातन संगठनों, शिवभक्तों एवं प्रबुद्ध नागरिकों के साथ आयोजित होगी।
बैठक में सर्वसम्मति से मिथलेश वर्मा 'बाबू' को अध्यक्ष, आनंद ठाकुर को सचिव तथा हर्षित खत्री को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं निगरानी समिति में ओम प्रकाश सिंह, अशोक खत्री, कृष्णकांत सिन्हा, दिलीप कांस्यकार, दयानंद गुप्ता एवं संजय बर्मन को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक का संचालन उज्ज्वल खत्री ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रणजी क्रिकेटर आशीष कुमार गुप्ता ने किया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।
