शास्त्री चौक दुर्गा पूजा को भव्य बनाने की तैयारी तेज
By Team orangehindi

समिति पदाधिकारियों ने धीरज प्रसाद साहू से की मुलाकात, आयोजन की रूपरेखा पर हुई चर्चा
लोहरदगा। शास्त्री चौक दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों ने आगामी दुर्गा पूजा आयोजन की तैयारियों को लेकर पूर्व राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धीरज प्रसाद साहू से मुलाकात की। इस दौरान पूजा आयोजन की रूपरेखा, पंडाल निर्माण, विद्युत सज्जा, प्रतिमा स्थापना, धार्मिक अनुष्ठान और श्रद्धालुओं की सुविधा समेत सुरक्षा एवं व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई।
समिति अध्यक्ष रोहित कुमार ने कहा कि धीरज प्रसाद साहू के अनुभव और मार्गदर्शन से पूजा आयोजन को बेहतर एवं व्यवस्थित स्वरूप देने में सहयोग मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आयोजन को आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए समिति स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
समिति पदाधिकारियों ने पूजा की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि पंडाल निर्माण, विद्युत सज्जा, प्रतिमा स्थापना और पूजा-अनुष्ठान से संबंधित कार्यों को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
धीरज प्रसाद साहू ने समिति के सदस्यों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजन की सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकजुटता का भी पर्व है।
अध्यक्ष रोहित कुमार ने कहा कि समिति का प्रयास पूजा के साथ समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव को मजबूत करना है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आयोजन में सहयोग की अपील की।
मौके पर उपाध्यक्ष अवनीश केसरी, सचिव अमर कुमार, कोषाध्यक्ष निशांत सर्राफ, प्रशांत चौधरी सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे।