देवनद दामोदर महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार होंगे मुख्य अतिथि
By Team Lohardaga live

लोहरदगा: दामोदर नदी के उद्गम स्थल चूल्हा पानी में आगामी 25 मई 2026 को गंगा दशहरा के अवसर पर देवनद दामोदर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में झारखंड के महामहिम राज्यपाल Santosh Kumar Gangwar मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री सह जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक Saryu Roy उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम पूर्वाह्न 11:00 बजे पूजा, हवन एवं आरती के साथ प्रारंभ होगा। इसके पश्चात अतिथिगण उपस्थित स्थानीय जनता को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए युगांतर भारती के जिला प्रमुख एवं दामोदर बचाओ आंदोलन के जिला संयोजक बाल कृष्णा सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने की तैयारी जिला प्रशासन के सहयोग से की जा रही है।
उन्होंने कहा कि दामोदर नदी केवल एक जल स्रोत नहीं, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान का प्रतीक है। लोहरदगा जिला दामोदर नदी का उद्गम स्थल होने के कारण इसका विशेष महत्व है। प्रत्येक वर्ष गंगा दशहरा के अवसर पर इस आयोजन का उद्देश्य लोगों में नदी संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं जल स्रोतों के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना है।
बाल कृष्णा सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता रहती है। गंगा दशहरा के अवसर पर रांची, लोहरदगा, गुमला एवं लातेहार जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चूल्हा पानी एवं लोहड़ी बाबा स्थल पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं तथा मन्नत मांगते हैं। हजारों लोगों की आस्था इस पवित्र स्थल से जुड़ी हुई है।
