प्रधामंत्री को सिर्फ खोखले नारे नहीं, बल्कि समाधान पर करनी चाहिए बात: सांसद सुखदेव भगत
By Team Lohardaga live

प्रधानमंत्री के बयान पर लोहरदगा सांसद की प्रतिक्रिया
लोहरदगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल में दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री का इतिहास के प्रति ज्ञान कितना गहरा है, यह बात स्वयं प्रधानमंत्री ही बेहतर ढंग से समझ सकते हैं।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री को केवल नारेबाज़ी तक सीमित न रहकर देश की ज्वलंत समस्याओं पर ठोस समाधान प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री ‘एक्ट ईस्ट’ पॉलिसी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर चर्चा क्यों नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों में हर वर्ष आने वाली बाढ़ और उसके स्थायी समाधान पर प्रधानमंत्री मौन हैं, जबकि बेरोज़गारी की समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है। सांसद ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री असम के प्रसिद्ध गायक ज़ुबीन गर्ग, जिनका वहां की जनता के दिलों में विशेष स्थान है, उनके संदर्भ में भी कोई टिप्पणी नहीं करते।
सांसद सुखदेव भगत ने बांग्लादेश में हाल ही में हुई बड़ी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस विषय पर भी प्रधानमंत्री की ओर से कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है। इसके अलावा उन्होंने आदिवासी ज़मीनों की सुरक्षा और उनकी स्थायी स्थिति जैसे गंभीर मुद्दों पर भी केंद्र सरकार की चुप्पी पर सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि जब देश में डबल इंजन की सरकार होने का दावा किया जाता है, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को केवल खोखले नारों के बजाय आम जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान पर गंभीरता से बात करनी चाहिए।
