माइनिंग चालान की दूरी और समय का पेच, ट्रक एसोसिएशन ने धीरज साहू के समक्ष रखी समस्या
By Team orangehindi

19 या 20 सितंबर को पाखर माइंस का दौरा करेंगे पूर्व राज्यसभा सांसद, ट्रक मालिकों से भी करेंगे मुलाकात
लोहरदगा। पाखर माइंस से हेंसल साइडिंग तक माइनिंग चालान में दर्ज दूरी और निर्धारित समय को लेकर उत्पन्न समस्या के समाधान की मांग को लेकर मंगलवार, 15 सितंबर को पाखर लोहरदगा ट्रक ओनर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एसोसिएशन के संरक्षक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू से मुलाकात की।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पूर्व सांसद को बताया कि माइनिंग चालान में दर्ज किलोमीटर और सड़क की वास्तविक दूरी में अंतर है। इसके कारण निर्धारित समय सीमा के भीतर वाहनों को हेंसल साइडिंग तक पहुंचाने में कठिनाई हो रही है। समय सीमा को लेकर होने वाली कार्रवाई से ट्रक मालिकों और चालकों को परेशानी के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
पदाधिकारियों ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। पूरी बात सुनने के बाद धीरज प्रसाद साहू ने समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे 19 या 20 सितंबर को पाखर माइंस पहुंचकर ट्रक मालिकों से मुलाकात करेंगे और संबंधित माइंस का दौरा कर वास्तविक स्थिति की जानकारी लेंगे। इसके बाद समस्या के उचित समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पूर्व सांसद के आश्वासन पर आभार जताया। साथ ही उम्मीद व्यक्त की कि माइनिंग चालान में दूरी और समय निर्धारण से जुड़ी परेशानियों का शीघ्र समाधान होगा।