चार माह के बकाया वेतन समेत 12 सूत्री मांगों को लेकर निकाला जुलूस
By Team orangehindi

श्रम अधीक्षक कार्यालय के समक्ष सभा, मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने का निर्णय
लोहरदगा, 28 सितंबर। झारखंड राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ, जिला शाखा लोहरदगा के तत्वावधान में 12 सूत्री मांगों के समर्थन में सोमवार को कर्मचारियों ने जुलूस निकाला। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में चार माह के बकाया वेतन का एकमुश्त भुगतान सूद समेत करने सहित अन्य मांगें शामिल हैं।
पुराना नगरपालिका कार्यालय परिसर से महेश कुमार सिंह, किसुन दास और मो. जफर आलम के नेतृत्व में जुलूस निकला। कर्मचारी मांगों के समर्थन में नारे लगाते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक, बाबा मठ और मैना बगीचा होते हुए श्रम अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां जुलूस सभा में तब्दील हो गया। सभा की अध्यक्षता महेश कुमार सिंह ने की। उन्होंने कर्मचारियों की 12 सूत्री मांगों की आवश्यकता और समस्याओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस दौरान श्रम विभाग के अधिकारी ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रम विभाग मजदूरों के हित और समस्याओं के समाधान के लिए है। उन्होंने 30 सितंबर तक का समय देने का आग्रह करते हुए कहा कि इसके बाद कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद कर्मचारियों का जुलूस अनुमंडल कार्यालय मोड़, उपायुक्त कार्यालय मोड़, कचहरी मोड़, ब्लॉक मोड़ और शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह चौक होते हुए न्यू बस स्टैंड पहुंचा। वहां से सुभाष चौक होते हुए जुलूस पुनः पुराना नगरपालिका कार्यालय पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई। सभा को जनप्रतिनिधियों समेत कई लोगों ने संबोधित किया।
अंत में कर्मचारियों ने निर्णय लिया कि 12 सूत्री मांगों की पूर्ति होने तक हड़ताल जारी रखी जाएगी। मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आगे आंदोलन तेज करने तथा जेल भरो अभियान चलाने की घोषणा की गई।