Orange hindi lohardaga live

बॉक्साइट ट्रकों की प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित, धीरज प्रसाद साहू की पहल पर बनी सहमति

By Team orangehindi

General
बॉक्साइट ट्रकों की प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित, धीरज प्रसाद साहू की पहल पर बनी सहमति

समय और दूरी निर्धारण में सुधार की प्रक्रिया शुरू, समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन

लोहरदगा। लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन की बैठक रविवार को बक्सीडीपा स्थित कार्यालय में हुई। बैठक में 21 सितंबर से करीब 1500 बॉक्साइट ट्रकों की प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर चर्चा की गई। बैठक में एसोसिएशन के संरक्षक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू की पहल और प्रशासनिक स्तर पर हुई बातचीत की जानकारी सदस्यों को दी गई।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार, धीरज प्रसाद साहू ने लोहरदगा, गुमला और लातेहार जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों के साथ-साथ राज्य स्तर के अधिकारियों से भी इस मामले में बातचीत की है। एसोसिएशन की उनके साथ दो दौर की वार्ता भी हुई है। वार्ता के दौरान बताया गया कि बॉक्साइट खदान से अनलोडिंग स्टेशन तक की दूरी के निर्धारण में किए गए बदलाव के कारण ट्रकों को अनलोडिंग के लिए निर्धारित समय में परेशानी हो रही है। इस व्यवस्था में सुधार की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी गई है।

एसोसिएशन के अनुसार, हिंडाल्को कंपनी के साथ हुई बातचीत में भी राज्य स्तर पर ट्रकों की समय-सीमा और दूरी निर्धारण में सुधार की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई है। संबंधित स्तर पर समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन मिलने के बाद एसोसिएशन ने फिलहाल 21 सितंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि समस्या के समाधान की दिशा में हो रही पहल को देखते हुए हड़ताल स्थगित की गई है। साथ ही संरक्षक धीरज प्रसाद साहू के प्रयासों के प्रति आभार जताया गया।

बैठक में अध्यक्ष कवलजीत सिंह, सचिव मुद्रिका यादव, कोषाध्यक्ष अभय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष शशिकांत लाल दास, हरिचरण प्रसाद साहू, जतरु मुंडा, मुंतजिर आलम, मोहम्मद गुड्डू, इम्तियाज अहमद उर्फ बबलू, शंकर प्रजापति, साकिब हसन, अभिनव विश्वकर्मा, तारकेश्वर महतो, सह सचिव बरज सिंह, रहमत अंसारी, सुमित विश्वकर्मा, महताब आलम उर्फ गुड्डू, विजय साहू, मो. अमानुल्लाह, अनूप कुमार भारती, संदेश कुमार प्रजापति, संजीव शर्मा, मुख्तार अंसारी, मुन्ना खान, मोहम्मद बबलू सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे।

और पढ़ें