ट्रक मालिकों के आंदोलन को लेकर कल धरना, 21 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
By Team orangehindi

माइंस की दूरी कम दर्शाकर कार्रवाई किए जाने का आरोप, जब्त ट्रकों को छोड़ने और दूरी-समय में सुधार की मांग
लोहरदगा। लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन के बैनर तले ट्रक मालिकों की ओर से शनिवार को लोहरदगा पुराने समाहरणालय के सामने एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। धरना सुबह 10 बजे से शुरू होगा। एसोसिएशन ने लोहरदगा जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) पर माइंस की दूरी कम दर्शाकर ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाते हुए आंदोलन की घोषणा की है।
एसोसिएशन के अनुसार, कई ट्रकों को माइंस की वास्तविक दूरी और निर्धारित समय को लेकर कथित विसंगतियों के आधार पर जब्त किया गया है। ट्रक मालिकों का कहना है कि जब्त वाहनों को छुड़ाने के लिए करीब ढाई से तीन लाख रुपये तक जुर्माना मांगे जाने से वाहन मालिकों में नाराजगी है।
एसोसिएशन ने मांग की है कि जिन ट्रकों को गलत तरीके से जब्त किया गया है, उन्हें छोड़ा जाए तथा माइंस की दूरी और आवागमन के लिए निर्धारित समय का पुनर्निर्धारण कर वास्तविक स्थिति के अनुरूप सुधार किया जाए। संगठन का कहना है कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि 21 सितंबर से अपर पाट क्षेत्र से संचालित होने वाली माइंस से जुड़े करीब 1500 ट्रक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं। ट्रक मालिकों का कहना है कि मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।