लोहरदगा में विश्व हिंदू परिषद की प्रांतीय कार्यसमिति बैठक शुरू, विभिन्न जिलों से पहुंचे 300 प्रतिनिधि
By Team Lohardaga live

संगठनात्मक विषयों, सामाजिक समरसता और आगामी कार्यक्रमों पर मंथन; दो दिवसीय बैठक का दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
लोहरदगा। विश्व हिंदू परिषद की दो दिवसीय प्रांतीय कार्यसमिति बैठक रविवार को लोहरदगा के गुदरी बाजार स्थित मुद्रिका भवन में शुरू हुई। बैठक में संगठन के केंद्रीय, प्रांतीय एवं झारखंड के विभिन्न जिलों से आए करीब 300 पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। उद्घाटन सत्र में संगठन के पदाधिकारियों ने भारत माता एवं श्रीराम दरबार के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में क्षेत्र धर्माचार्य प्रमुख बीरेंद्र बिमल, क्षेत्र मंत्री बीरेंद्र साहू, प्रांत उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव, प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्रा, मार्गदर्शन मंडली संयोजक चैतन्य स्वामी कृष्ण ब्रह्मचारी, सह मंत्री मनोज पोद्दार, रामनरेश सिंह तथा जिला अध्यक्ष रीतेश कुमार उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्र धर्माचार्य प्रमुख बीरेंद्र बिमल ने कहा कि संगठन सनातन परंपराओं के संरक्षण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करने तथा समाज में अनुशासन और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान भी किया।
बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने संगठन की भावी योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने और जमीनी स्तर पर जनसंपर्क को मजबूत करने पर भी चर्चा की।
दो दिवसीय बैठक में विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि संगठन के विस्तार, सेवा गतिविधियों और समसामयिक विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। आयोजकों के अनुसार बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करना और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करना है।