Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य आशा लकड़ा का जनसंवाद आयोजित

By Team Lohardaga live

social
जन संवाद कार्यक्रम में उपस्थित आयोग की सदस्य आशा लकड़ा व अन्य

भंडरा और सेन्हा प्रखंड में जनजातीय विकास, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की समीक्षा

लोहरदगा जिले के भंडरा और सेन्हा प्रखंड क्षेत्र में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य आशा लकड़ा जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक की और क्षेत्र में अनुसूचित जनजातियों के विकास, संरक्षण और सुरक्षा से जुड़े कार्यों की जानकारी ली।

बैठक के दौरान आशा लकड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनजातीय समुदाय के हित में चल रही योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजातियों का सर्वांगीण विकास आयोग की प्राथमिकता है।

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग द्वारा विभिन्न स्थानों पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। जनसंवाद के दौरान पेयजल संकट, जर्जर सड़कें, बिजली आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, आवास योजना सहित कई सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतें सामने आईं।

आयोग ने सभी समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर आशा लकड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग जनजातियों की सुरक्षा, संरक्षण और विकास के लिए कार्य करता है। संविधान के तहत आयोग को यह अधिकार प्राप्त है कि वह देश के किसी भी हिस्से में विभागों, पंचायतों और प्रखंड स्तर पर समीक्षा कर सके, ताकि अनुसूचित जनजातियों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर उनके विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।