पेसरार में विधायक रामेश्वर उरांव की जनसुनवाई, ग्रामीणों की समस्याओं पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश
By Team orange hindi

अबुआ आवास से लेकर सड़क, पानी, बिजली और पेंशन तक के मामले पहुंचे, SIR प्रक्रिया की भी ली जानकारी

लोहरदगा। सुदूरवर्ती पेसरार प्रखंड में बुधवार को स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने जनसंपर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। प्रखंड मुख्यालय पहुंचने पर उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से मुलाकात की तथा विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने अबुआ आवास, वन पट्टा, चापाकल मरम्मती, राशन कार्ड, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, जमीन विवाद, पेयजल, सड़क और नाली निर्माण तथा बिजली ट्रांसफार्मर से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
पेसरार के विकास को बताया लोहरदगा की प्राथमिकता
डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि जनसुनवाई का आयोजन सभी प्रखंडों में किया जा रहा है, ताकि लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को सीधे समझा जा सके और यथासंभव उनका समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि पेसरार घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र से घिरा है, जहां आज भी सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी जरूरतों से जुड़ी चुनौतियां हैं।
उन्होंने कहा, “पेसरार मेरे विधानसभा का दिल है, यहां का विकास ही लोहरदगा का असली विकास है।”
विधायक ने कहा कि प्रयास है कि क्षेत्र का कोई भी ग्रामीण सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर विधायक निधि अथवा संबंधित विभागों के माध्यम से विकास कार्यों की अनुशंसा की जा रही है। उन्होंने सड़क, पुल-पुलिया और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी जोर दिया।
अखड़ा और धूमकुड़िया निर्माण पर जोर
डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि विकास के साथ क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति और मान्यताओं को सुरक्षित रखना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से अखड़ा और धूमकुड़िया निर्माण जैसे कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पारंपरिक वाद्य यंत्र मंदार और नगाड़े के वितरण का कार्य भी किया जा रहा है।
SIR की समीक्षा, पात्र मतदाताओं का नाम नहीं छूटने देने का निर्देश
पेसरार प्रखंड में SIR प्रक्रिया की समीक्षा के दौरान विधायक ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और सभी बीएलए से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र नाम सूची में शामिल न हों।
उन्होंने कहा कि SIR लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। सभी BLO घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य पूरी गंभीरता से करें और आम लोगों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि वे समय पर अपने दस्तावेज जमा कर सकें। विधायक ने नागरिकों से भी अपील की कि वे पुनरीक्षण प्रक्रिया में सहयोग करें और BLO को सही जानकारी उपलब्ध कराएं।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, स्वास्थ्य प्रतिनिधि हाजी शकील अहमद, रोहित उरांव, प्रमुख सीता देवी, युवा प्रदेश महासचिव विशाल डुंगडुंग, प्रखंड अध्यक्ष बुद्धदेव उरांव, असलम अंसारी, सरिता खलखो, सोमेश्वर भुईंया, बासु भगत, जियाउद्दीन अंसारी, जसमती उरांव, सकीम अंसारी, आकाश उरांव, रामधनी राम, रामदेव उरांव, इबादत अंसारी, रंजन तिर्की, अणिमा मिंज, प्रीति कुमारी, छोटन नगेसिया, लक्ष्मण महतो सहित अन्य कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।













