जय श्रीराम समिति के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर जनसंपर्क तेज
By Team orangehindi

14 अक्टूबर को अवंतिका नगर भवन में होगा आयोजन, आमंत्रण अभियान चलाकर लोगों से की गई सहभागिता की अपील
लोहरदगा। जय श्रीराम समिति, जिला लोहरदगा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर समिति ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को समिति के सदस्यों ने विभिन्न लोगों से व्यक्तिगत मुलाकात कर समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
समारोह 14 अक्टूबर, बुधवार को अवंतिका नगर भवन, ब्लॉक परिसर में आयोजित होगा। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं हिंदू जागरण मंच के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डॉ. सुमन कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता भैरव सिंह तथा जनजातीय सुरक्षा मंच के मीडिया प्रभारी सोमा उरांव के शामिल होने का कार्यक्रम है।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह नई जिम्मेदारियों के साथ संगठन को आगे बढ़ाने और उसे मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने सनातनी समाज के लोगों से सपरिवार समारोह में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।