Orange hindi lohardaga live

पुणेरी ढोल-ताशों की गूंज के बीच निकलेगी कलश यात्रा, दुर्गोत्सव में रामलीला से लेकर रावण दहन तक होंगे कई आयोजन

By Team orangehindi

General
पुणेरी ढोल-ताशों की गूंज के बीच निकलेगी कलश यात्रा, दुर्गोत्सव में रामलीला से लेकर रावण दहन तक होंगे कई आयोजन

महाराष्ट्र की प्रसिद्ध ढोल टीम रहेगी आकर्षण का केंद्र, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति ने श्रद्धालुओं से की भागीदारी की अपील

लोहरदगा। शारदीय नवरात्र का शुभारंभ 11 अक्टूबर, रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। सुबह सात बजे पावरगंज स्थित देवी मंदिर से कलश यात्रा निकाली जाएगी। विश्व हिंदू परिषद ने सभी सनातन धर्मावलंबियों से इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है। इस बार की कलश यात्रा में महाराष्ट्र की प्रसिद्ध पुणेरी ढोल-ताशा टीम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।

केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रमेश कुमार साहू के नेतृत्व में इस वर्ष लोहरदगा में दुर्गोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है। समिति की ओर से नवरात्र के दौरान कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, कलश यात्रा में महाराष्ट्र की ढोल टीम पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ शामिल होगी। ढोल-ताशों की गूंज के बीच निकलने वाली यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण होगी।

नवरात्र के दूसरे और तीसरे दिन रामलीला का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद महिलाओं के लिए डांडिया नाइट और भक्ति जागरण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। वहीं, दशमी के दिन दशहरा मेला स्थल पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके साथ लंका दहन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

समिति की ओर से दुर्गोत्सव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है। विश्व हिंदू परिषद ने माताओं, बहनों, युवाओं, अभिभावकों और समाज के सभी वर्गों से कलश यात्रा सहित नवरात्र के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।

आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं को शारदीय नवरात्र की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता से धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को सफल बनाया जा सकता है।

और पढ़ें