चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल, सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस : सुखदेव भगत
By Team orangehindi

राहुल गांधी ने तथ्यों के साथ उठाए सवाल, आयोग अब तक नहीं दे पाया खंडन
लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा सांसद सह छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग के बीच गहरे संबंध हैं, जिसके कारण चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता प्रभावित हुई है।
INDIA ब्लॉक की बैठक के दौरान भाजपा की ओर से लगाए गए पोस्टर ‘जीतते हैं तो ECI को ताली और हारते हैं तो गाली’ को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद भगत ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तथ्यों के आधार पर कई मुद्दे देश के सामने रखे हैं। मीडिया के माध्यम से भी कई सवाल और दावे सामने आए हैं, लेकिन चुनाव आयोग की ओर से अब तक उनका स्पष्ट खंडन नहीं किया गया है।
भगत ने कहा कि जब चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए जाते हैं तो भाजपा इसका विरोध क्यों करती है, यह भी अपने आप में सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग के बीच कथित संबंधों के कारण चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर संदेह पैदा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि देश में आंतरिक सुरक्षा और नागरिक सुरक्षा सहित कई क्षेत्रों में सरकार की भूमिका को लेकर लोगों में असंतोष है। कांग्रेस इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।
सांसद ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में ‘वोट चोरी’ के आरोपों के खिलाफ सड़क से संसद तक संघर्ष करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई।