Orange hindi lohardaga live

क़ुरैश कॉन्फ्रेंस प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन से की मुलाक़ात, सामुदायिक विकास पर हुई चर्चा

By Teem Lohardaga live

social
बुके देकर स्वागत करते हाजी अफसर कुरैशी
अजरूद्दीन के साथ चर्चा करते सदस्य

लोहरदगा। क़ुरैश कॉन्फ्रेंस (रजि.) के एक प्रतिनिधिमंडल ने तेलंगाना सरकार के मंत्री एवं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन से हैदराबाद स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें बधाई देते हुए सामुदायिक विकास, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक एकता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई राष्ट्रीय अध्यक्ष सनोबर अली क़ुरैशी ने की

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व क़ुरैश कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सनोबर अली क़ुरैशी ने किया। उनके साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता हाजी मोहम्मद अफ़सर क़ुरैशी, कर्नाटक राज्य अध्यक्ष नबी क़ुरैशी, दिल्ली राज्य सचिव वामिस मशकूर, सामाजिक कार्यकर्ता सलमान क़ुरैशी सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।

योजनाओं और पहलों पर हुई विस्तृत चर्चा

मुलाक़ात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने क़ुरैश कॉन्फ्रेंस द्वारा संचालित और प्रस्तावित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इनमें “आसान निकाह” अभियान निकाह प्रक्रिया को सरल, सुलभ और किफ़ायती बनाने की पहल – प्रमुख रहा। इसके साथ ही मांस व्यापार संरक्षण, पारंपरिक मीट व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों, पशुपालकों और श्रमिकों के हितों की सुरक्षा, तथा समाज के योग्य युवाओं और शिक्षित वर्ग को राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिलाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से कहा कि इन विषयों पर समुदाय को समय-समय पर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जिनके समाधान के लिए सरकारी सहयोग और नीतिगत समर्थन आवश्यक है।

मंत्री अजहरुद्दीन ने दिया सहयोग का आश्वासन

मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और समाज के विकास, शिक्षा, व्यवसायिक प्रगति तथा सामाजिक एकता को सशक्त बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे प्रयासों का स्वागत करती है जो समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की भावना को मजबूत करते हैं।

मुलाक़ात सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया।