कृषि कार्यालय में रबी कार्यशाला आयोजित, किसानों को समूह आधारित खेती व क्लस्टर पद्धति अपनाने पर दिया गया जोर
By Teem Lohardaga live

लोहरदगा। जिला कृषि कार्यालय परिसर में मंगलवार को रबी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त लोहरदगा उपस्थित रहे। साथ ही कार्यकारिणी अध्यक्ष, जिला परिषद, जिला कृषि पदाधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, डीडीएम नाबार्ड लोहरदगा, जिला उद्यान पदाधिकारी, अनुमंडल पशुपालन पदाधिकारी सहित जिले के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यशाला में उपायुक्त ने अधिकारियों को रबी फसल को क्लस्टर पद्धति से कराने का निर्देश दिया। उन्होंने किसानों को समूह बनाकर खेती करने और ‘एक गांव, एक खेती’ के मॉडल को अपनाने की सलाह दी। उपायुक्त ने अधिकारियों को खेतों से जुड़कर कार्य करने पर विशेष जोर दिया।
जिला कृषि पदाधिकारी ने जिले में संचालित सभी कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि बीज विनिमय योजना के तहत 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज का वितरण एलएपीएस और अनुज्ञप्तिधारी बीज विक्रेताओं के माध्यम से किया जा रहा है। बिरसा फसल तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के अंतर्गत 100 प्रतिशत अनुदान पर फसल प्रदर्शन के लिए बीज वितरण की जानकारी भी साझा की गई।
पशुपालन पदाधिकारी ने पशुपालन से संबंधित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। कृषि वैज्ञानिकों ने बीज उपचार और फसल सुरक्षा संबंधी तकनीकी जानकारी किसानों को दी।
कार्यक्रम में सभी प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी, जनसेवक, जिला कृषि कार्यालय, उद्यान कार्यालय और आत्मा कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
