राहुल गांधी ने सरकार की दुखती रग पर हाथ रखा, इसलिए भाजपा में बौखलाहट : सुखदेव भगत
By Team orangehindi

वोट चोरी और संवैधानिक संस्थाओं की पारदर्शिता पर उठाए सवालों का सरकार दे जवाब, बोले लोहरदगा सांसद
लोहरदगा। लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत ने वोट चोरी के आरोपों और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सरकार की दुखती रग पर हाथ रख दिया है, इसलिए भाजपा के नेता लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि विपक्ष से जवाब मांगने के बजाय सरकार को अपने ऊपर उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए।
सांसद भगत ने कहा कि जब भी राहुल गांधी चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हैं, तब चुनाव आयोग की ओर से स्पष्ट जवाब देने के बजाय भाजपा के नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सफाई देने लगते हैं। उनके अनुसार, भाजपा नेताओं की लगातार प्रतिक्रियाएं उनकी बेचैनी और घबराहट को दर्शाती हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता से सवाल पूछना विपक्ष का अधिकार और जिम्मेदारी है। यदि सरकार से सवाल नहीं पूछे जाएंगे, तो फिर किससे जवाब मांगा जाएगा? विपक्ष ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठाए हैं और सरकार को उनका स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
भगत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वोट चोरी और संवैधानिक संस्थाओं की पारदर्शिता को लेकर जो सवाल उठाए हैं, वे केवल किसी राजनीतिक दल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि इन सवालों का संबंध देश की 140 करोड़ जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों और विश्वास से है।
सांसद ने केंद्र सरकार से मांग की कि विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों पर आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय तथ्यों के आधार पर जवाब दिया जाए, ताकि चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर जनता का भरोसा कायम रहे।