राहुल गांधी का लक्ष्य सिर्फ मुद्दे उठाना नहीं, व्यवस्था में बदलाव लाना है : सुखदेव भगत
By Team orangehindi

चेन्नई के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर सांसद ने कहा, युवाओं को राहुल गांधी से है उम्मीद
लोहरदगा। लोहरदगा के सांसद एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने चेन्नई में आयोजित होने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कहा कि राहुल गांधी केवल किसी एक मुद्दे को नहीं उठा रहे हैं, बल्कि उनका उद्देश्य व्यवस्था में व्यापक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की लड़ाई वोट चोरी के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र की निष्पक्षता और उसकी मूल भावना से जुड़ी है।
सुखदेव भगत ने कहा कि यदि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। ऐसी स्थिति में आम नागरिकों, गरीबों, आदिवासियों और दलितों का लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भरोसा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सत्ता से सवाल करना लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और राहुल गांधी इसी भूमिका को निभा रहे हैं।
सांसद ने कहा कि राहुल गांधी जहां भी जा रहे हैं, वहां युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्हें उम्मीद है कि चेन्नई में भी युवाओं की अच्छी भागीदारी होगी। पुणे और इंदौर में मिले समर्थन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी किसी कृत्रिम माहौल का परिणाम नहीं, बल्कि उनकी उम्मीदों को दर्शाती है।
भगत के अनुसार, युवा मौजूदा व्यवस्था में बदलाव की अपेक्षा के साथ राहुल गांधी की ओर देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की आकांक्षाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था में सुधार के सवालों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।