Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में मिठाई दुकानों पर छापेमारी, लड्डू-पेड़ा समेत कई मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे गए

By Team orangehindi

General
लोहरदगा में मिठाई दुकानों पर छापेमारी, लड्डू-पेड़ा समेत कई मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे गए

शुरुआती जांच में नहीं मिली गड़बड़ी, खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन का निर्देश; मिलावटी सामग्री मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई

लोहरदगा। त्योहारों के मौसम में मिठाइयों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को लोहरदगा शहरी क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान बंगाल स्वीट्स, न्यू बंगाल स्वीट्स, गोकुल स्वीट्स और साहू स्वीट्स समेत विभिन्न मिठाई दुकानों के साथ उनके निर्माण स्थलों की भी जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान दुकानों में बिक्री के लिए रखी मिठाइयों की मौके पर प्रारंभिक जांच की गई। इसमें किसी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई। हालांकि, मिठाइयों की गुणवत्ता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों की पुष्टि के लिए लड्डू, खोवा, राजभोग और पेड़ा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के वैधानिक नमूने संग्रहित किए गए हैं। इन नमूनों को रासायनिक जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

जांच अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और रखरखाव में स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही मिठाइयों को धूल, गंदगी और अन्य संभावित दूषण से बचाने तथा कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। इस्तेमाल किए जाने वाले खाद्य तेल के सुरक्षित प्रबंधन की जानकारी भी दी गई।

विभाग ने दुकानदारों को पनीर, खोवा और मिल्क केक जैसी सामग्री केवल वैध खाद्य लाइसेंसधारी एवं अधिकृत आपूर्तिकर्ताओं से खरीदने की हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मिलावटी या मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री मिलने पर नियमानुसार जब्ती और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोइन अख्तर और विश्वनाथ गगराई सहित विभाग के सहायक कर्मी अभियान में शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।

और पढ़ें