Orange hindi lohardaga live

खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, होटल-रेस्टोरेंट व अस्पतालों की कैंटीनों का निरीक्षण

By Team Lohardaga live

Administrative
जांच करते खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी

महतो होटल को सफाई व्यवस्था में सुधार का नोटिस, अनु स्टोर से एक्सपायरी रबड़ी-दही नष्ट; पनीर का नमूना जांच के लिए भेजा गया

लोहरदगा। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. मोईन अख्तर ने गुरुवार को शहर के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, अस्पतालों की कैंटीन और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों, साफ-सफाई तथा आवश्यक लाइसेंस एवं दस्तावेजों की जांच की गई।

निरीक्षण के क्रम में मधुर केयर हॉस्पिटल, अमृत केयर हॉस्पिटल, डी.पी. मैक्स हॉस्पिटल, सदर अस्पताल, न्यू रोड स्थित पप्पू रेस्टोरेंट, महतो होटल, अनु स्टोर, मां दुर्गा जनरल स्टोर तथा पर्ल होटल का निरीक्षण किया गया। अमृत केयर हॉस्पिटल प्रबंधन को खाद्य लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही मरीजों को भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि रेस्टोरेंट में उपयोग किए जा रहे पनीर की मौके पर प्राथमिक जांच की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया स्टार्च अथवा पिसे चावल जैसी मिलावट नहीं मिली। हालांकि रासायनिक परीक्षण के लिए पनीर का नमूना संग्रहित कर जांच हेतु भेजा गया है।

निरीक्षण के दौरान महतो होटल में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया। वहीं पर्ल होटल प्रबंधन को किचन की स्वच्छता बेहतर रखने, शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य सामग्री के लिए अलग-अलग रेफ्रिजरेटर का उपयोग करने तथा कच्चे और पके खाद्य पदार्थों को अलग-अलग सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया।

न्यू रोड स्थित अनु स्टोर में जांच के दौरान थोड़ी मात्रा में एक्सपायरी रबड़ी एवं दही बरामद हुआ। विभाग की मौजूदगी में उक्त खाद्य सामग्री को तत्काल नष्ट कराया गया तथा संचालक को भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी देते हुए खाद्य पदार्थों के रख-रखाव में सुधार करने का निर्देश दिया गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार का निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान विभाग के सहायक कर्मी रजनीश कुमार भी उपस्थित थे।