लोहरदगा में बारिश की मार, सैकड़ों घर ध्वस्त, हजारों एकड़ फसल बर्बाद
By Team orangehindi

सांसद सुखदेव भगत के निर्देश पर भंडरा पहुंचे आलोक साहू, प्रभावित परिवारों से मिले; क्षति आकलन और मुआवजे की मांग
लोहरदगा। जिले में पिछले चार दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। विभिन्न प्रखंडों में सैकड़ों कच्चे मकानों के ध्वस्त होने की सूचना है, जबकि आलू, ईख, सब्जी समेत कई फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। बारिश से किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
स्थिति का जायजा लेने के लिए लोहरदगा सांसद सह छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के निर्देश पर उनके निजी सचिव सह इंटक जिलाध्यक्ष आलोक कुमार साहू रविवार को भंडरा प्रखंड पहुंचे। उन्होंने सांसद प्रतिनिधियों के साथ पहाड़टोली, आयता उरांव, प्रदीप राम, बृजेंद्र मल्हार समेत विभिन्न गांवों में बारिश से क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण किया।
इस दौरान श्री साहू ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सांसद सुखदेव भगत प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। सरकारी प्रावधान के तहत क्षति का आकलन कर प्रभावित लोगों को मुआवजा दिलाने के लिए प्रयास किया जाएगा।
श्री साहू ने जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी सुषमा नीलम सोरेंग से दूरभाष पर बातचीत कर जिले में बारिश से हुए नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने जल्द क्षति का आकलन कर मुआवजा प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया। आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को क्षति का आकलन कर रिपोर्ट जिला स्तर पर भेजने का निर्देश देने की बात कही।
इसके बाद श्री साहू ने भंडरा अंचल अधिकारी से भी बातचीत कर प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र सर्वे कराने का आग्रह किया। मौके पर फूलदेव उरांव, सांसद प्रतिनिधि विजय चौहान, राधेश्याम साहू, मोहम्मद अख्तर, मोहम्मद इदरीश समेत ग्रामीण मौजूद थे।