राजेश महतो हारकर भी जीते: लोहरदगा चैंबर अध्यक्ष ने दी बधाई
By Team orangehindi

रांची/लोहरदगा: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FKCCI) का चुनाव संपन्न हो गया है। चुनाव में तुलसी पटेल ग्रुप के 13 और मुकेश अग्रवाल टीम के 8 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। वहीं, 6 जोन के क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के चुनाव में दक्षिणी छोटानागपुर क्षेत्र का मुकाबला सबसे रोमांचक रहा।
दक्षिणी छोटानागपुर क्षेत्र से लोहरदगा के राजेश महतो और गुमला के दामोदर कसेरा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।
रोमांचक मुकाबला: कुल 64 में से पड़े 56 वोटों में से दोनों ही प्रत्याशियों को बराबर 28-28 वोट मिले। इसके बाद लॉटरी (चिट्ठी) के माध्यम से फैसला हुआ, जिसमें राजेश महतो की हार हुई।
वोटों का गणित: लोहरदगा में 17 में से 16, गुमला में 31 में से 30, खूंटी में 12 में से 9 और सिमडेगा में 4 में से 3 वोट पड़े।
जनप्रियता की जीत: चुनावी आंकड़ों की समीक्षा करें तो लोहरदगा के राजेश महतो को अपने जिले के 16 वोटों के अलावा गुमला, खूंटी और सिमडेगा के मतदाताओं का भी भरपूर समर्थन मिला। दूसरी ओर, गुमला के प्रत्याशी अपने ही जिले के पूरे वोट हासिल नहीं कर सके।
लोहरदगा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ने समीक्षात्मक दृष्टि से राजेश महतो को चारों जिलों का सबसे लोकप्रिय प्रत्याशी बताते हुए कहा कि लॉटरी के कारण भले ही वे पद से दूर रह गए हों, लेकिन व्यापारियों के दिलों में जगह बनाकर "वे हारकर भी जीत गए हैं।"