जनता के बीच रहकर विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं : हेमंत सोरेन
By Team orange hindi

झामुमो जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, संगठन और विकास कार्यों पर हुई चर्चा
लोहरदगा। झामुमो के लोहरदगा जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने शुक्रवार को रांची में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोहरदगा जिले में संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
मुलाकात के दौरान जिले की राजनीतिक एवं सांगठनिक स्थिति के साथ विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष ने विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में पार्टी की गतिविधियों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की जानकारी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संगठन को और मजबूत करने पर जोर देते हुए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से गांवों और पंचायतों में जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता से सीधा संवाद स्थापित करें और सरकार की योजनाओं की जानकारी जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के साथ पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार जमीनी कार्यकर्ता हैं। इसलिए बूथ और पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने और जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने की जरूरत है।
मुलाकात के दौरान लोहरदगा जिले में विकास योजनाओं की स्थिति और जनसमस्याओं को लेकर भी मुख्यमंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।