राज्यसभा चुनाव को लेकर सुखदेव भगत ने कांग्रेस प्रभारी के. राजू संग बनाई रणनीति
By Team Lohardaga live

महागठबंधन की एकजुटता से दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर
लोहरदगा/नई दिल्ली। झारखंड में होने वाले आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने नई दिल्ली में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू से महत्वपूर्ण मुलाकात कर चुनावी रणनीति, महागठबंधन की मजबूती और संगठन विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में झारखंड के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य, राज्यसभा चुनाव की संभावनाओं तथा गठबंधन सहयोगियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के मुद्दों पर गहन मंथन किया गया। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि राज्यसभा की रिक्त होने वाली सीटों पर महागठबंधन की स्थिति मजबूत है और सभी घटक दल एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे तो दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथित तोड़-फोड़ की राजनीति का मुकाबला करने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और वामपंथी दलों के बीच मजबूत तालमेल और एकजुटता समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जनहित के मुद्दों की रक्षा के लिए महागठबंधन को और अधिक संगठित होकर कार्य करना होगा।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर भी विशेष चर्चा हुई। सांसद सुखदेव भगत ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में पार्टी की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने की रणनीति साझा की। वहीं कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू ने संगठन को जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ताकत और महागठबंधन की एकजुटता आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करने में सक्षम है। बैठक को आगामी राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर महागठबंधन की रणनीतिक तैयारी और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
