टोरी रेलवे फाटक पर जाम से मिलेगी राहत, ROB निर्माण 2026-27 के लिए प्रस्तावित
By Team orange hindi

सामाजिक विचार मंच की शिकायत पर पीएमओ के निर्देश के बाद रेलवे ने दी जानकारी
चंदवा/लोहरदगा। टोरी रेलवे फाटक पर लंबे समय से बनी जाम की समस्या के समाधान की दिशा में पहल शुरू हुई है। सामाजिक विचार मंच के संयोजक कवलजीत सिंह द्वारा 14 जून 2026 को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में दर्ज कराई गई शिकायत के बाद मामले में रेलवे स्तर पर कार्रवाई हुई है।
पीएमओ के निर्देश पर अपर मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे, धनबाद को आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया था। इसके बाद वरीय मंडल अभियंता (5), पूर्व मध्य रेलवे, धनबाद की ओर से पत्रांक W466 के माध्यम से सामाजिक विचार मंच को जानकारी दी गई कि चंदवा-टोरी रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण कार्य वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित किया गया है।
सामाजिक विचार मंच के संयोजक कवलजीत सिंह ने बताया कि टोरी रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहने के कारण चंदवा क्षेत्र के लोगों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनके अनुसार कई बार फाटक 15 से 20 घंटे तक बंद रहने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण होने से रेलवे फाटक पर निर्भरता कम होने और यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। मंच ने प्रस्तावित कार्य के लिए रेलवे का आभार जताते हुए निर्माण प्रक्रिया को निर्धारित समय में आगे बढ़ाने की मांग की है।